दो साल से पेट दर्द से परेशान थी लक्ष्मी, डॉक्टरों ने पेट से निकाला 10 किलो का ट्यूमर
रायपुर।
कबीरधाम निवासी 65 साल की लक्ष्मी चौहान दो साल से असहनीय दर्द से परेशान थी। पिछले दस दिनों से लगातार उल्टियां हो रही थी। खाना खाने में भी असमर्थ थी। दैनिक क्रिया कलाप करने में भी उन्हें बेहद परेशानी होती थी। उनकी परेशानी को देखते हुए उनके परिवार वालों ने बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने लक्ष्मी की सर्जरी कर उनके पेट से 10 किलो 660 ग्राम वजनी ट्यूमर निकाला गया।
सर्जरी के पहले डॉ. नेहा सिंह ने जांच की। लक्ष्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनकी प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में भर्ती कर रक्त, मूत्र एवं सोनोग्राफी जांच की गई। सोनोग्राफी रिपोर्ट में पेट में एक बड़ा ट्यूमर पाया गया। इसके बाद डॉ. नेहा सिंह ने विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता रमन जोगी को बताया। मरीज की हालत की गंभीरता को देखते हुए डॉ. संगीता द्वारा मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. लखन सिंह एवं अधिष्ठाता डॉ. रामनेश मूर्ति से चर्चा कर जीवन रक्षक ऑपरेशन की सहमति ली।
इसके बाद विशेषज्ञों की टीम बनाई गई। टीम में डॉ. संगीता रमन जोगी, डॉ. दीपिका सिंह, डॉ. रचना जैन, डॉ. अंजू गढ़वाल एवं निश्चेतना विभाग से डॉ. मधुमिता मूर्ति, डॉ. श्वेता, डॉ. प्राची, डॉ. आकांक्षा एवं नर्सिंग स्टाफ से ब्रदर अश्विनी शामिल किए गए। फिर ने लक्ष्मी की सर्जरी कर 10 किलो का ट्यूमर लक्ष्मी के पेट से निकाला। अब उनकी स्थिति पहले से बेहतर है।
