बस्तर से लेकर सरगुजा तक कांग्रेस का आज चक्काजाम, देखिए कहां-कहां होगा प्रदर्शन

0
congress

रायपुर.

कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के खिलाफ आज 33 जिलों में चक्काजाम करेगी। सरगुजा, बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक प्रदेशभर के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

कांग्रेसी रायपुर में VIP रोड पर श्रीराम मंदिर चौक (करेंसी टावर) के पास, धरसींवा और धनेली में भी नेशनल हाईवे जाम करेंगे। वहीं बिलासपुर में सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाई ओवर के नीचे नाकेबंदी करेंगे, जिससे रायपुर-बिलासपुर आने जाने वालों को परेशानी हो सकती है। हालांकि स्कूली बसों और एम्बुलेंस को छूट दी गई है।

इसके साथ ही जगदलपुर के आमागुड़ा चौक पर चक्काजाम होगा। इससे जगदलपुर-रायपुर आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं दुर्ग में सबसे ज्यादा 6 जगहों को ब्लॉक करने की तैयारी है। अगर आप इन रास्तों से गुजर रहे हैं, तो सावधानी से जाएं।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व CM भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। इसके साथ ही कांग्रेस ने रायपुर समेत 12 जिलों में प्रदर्शन सफल बनाने प्रभारियों की नियुक्ति की है।

अब जानिए प्रदेशभर में कहां-कहां कांग्रेस करेगी नाकेबंदी ?

रायपुर में में 6 जगहों पर होगा चक्काजाम

रायपुर जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे ने बताया कि रायपुर के मैग्नेटो मॉल के सामने नेशनल हाईवे को जाम किया जाएगा। इसी के साथ ही रायपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में धरसींवा में चक्का जाम करेंगे। रायपुर में मुंबई-कोलकाता नेशनल हाईवे पर VIP चौक तेलीबांधा, आरंग, अभनपुर, तिल्दा, खरोरा में नाकेबंदी होगी।

बिलासपुर में सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाई ओवर के नीचे चक्काजाम

बिलासपुर में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक कांग्रेसी सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाई ओवर के नीचे रास्ता रोककर चक्काजाम करेंगे। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडेय ने बताया कि पीसीसी के आह्वान पर शहर और जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर आर्थिक नाकेबंदी करेगी।

बिलासपुर में पेंड्रीडीह फ्लाई ओवर के नीचे कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी के कार्यक्रम में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी सहित पार्टीजन आर्थिक नाकेबंदी में शामिल रहेंगे। आर्थिक नाकेबंदी के दौरान स्कूल बस और एम्बुलेंस को छूट दी गई है।

अंबिकापुर में छत्तीसगढ़-बनारस हाईवे पर चक्काजाम

सरगुजा जिले में जिला कांग्रेस कमेटी अंबिकापुर के बनारस रोड पर BTI के पास विरोध प्रदर्शन करेगी। बनारस रोड को चक्काजाम के लिए इसलिए चुना गया है, क्योंकि यह रास्ता छत्तीसगढ़ को उत्तर भारत से जोड़ता है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों की आवाजाही रहती है।

जिला कांग्रेस कमेटी ने बताया कि इस चक्काजाम में एम्बुलेंस और स्कूली बच्चों के वाहनों को मुक्त रखा गया है। चक्काजाम के समय BTI के पास भारी भीड़ की उमड़ने की संभावना है। ऐसे में चक्काजाम के समय ट्रैफिक से बचने के लिए आम लोग नवापारा रोड और इंडस्ट्रियल एरिया रोड जैसे वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।

बस्तर में आमागुड़ा चौक पर होगा प्रदर्शन, राहगीर होंगे परेशान

जगदलपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन आमागुड़ा चौक पर होगा। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर और ग्रामीण) ने बताया कि 12 बजे कांग्रेस पार्टी की ओर से जगदलपुर के आमागुड़ा चौक पर चक्काजाम किया जाएगा। जगदलपुर में विधायक लखेश्वर बघेल के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता विरोध करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *