पूर्व विधायक के छोटे भाई की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी को जेल

0
images

लैलूंगा.

पूर्व कांग्रेस विधायक चक्रधर सिंह सिदार के छोटे भाई ग्राम पंचायत पाकरगांव के सचिव जयपाल सिंह सिदार की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। जयपाल की हत्या अवैध संबंध के शक के चलते की गई थी, जिसकी साजिश जेल में बंद मुख्य आरोपी ने रची थी। इस हत्याकांड को 1 लाख रुपये की सुपारी देकर अंजाम दिया गया था। जिसके लिए 10 हजार रुपये पहले दे दिया गया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मास्टरमाइंड शिव साहू पहले से ही हत्या के एक अन्य मामले में जेल में बंद है। 7 जुलाई को गला घोंटकर की गई थी हत्या

जयपाल सिदार 7 जुलाई की सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद अपनी स्विफ्ट डिजायर कार (CG12BA 6453) से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने 8 जुलाई को थाना लैलूंगा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच में जब कोई ठोस जानकारी नहीं मिली तो एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर साइबर सेल व थाना लैलूंगा-धरमजयगढ़ की संयुक्त टीम गठित की गई।

ऐसे रची गई हत्या की साजिश

जांच के दौरान तीन संदिग्ध युवकों शुभम गुप्ता, कमलेश यादव और मदन गोपाल सिदार को हिरासत में लेकर पुलिस टीम ने पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि जेल में बंद शिव साहू ने पेरोल पर बाहर आने के दौरान जयपाल से पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने शुभम गुप्ता को 1 लाख रुपये देने की बात कही, साथ ही 10 हजार रुपये की पहली किस्त भी दी थी।

7 जुलाई को आरोपी शुभम ने जयपाल को कोतबा जाने के बहाने बुलाया और कार में कमलेश व मदन के साथ बैठकर जशपुर रोड की ओर रवाना हुए। इसी दौरान चलती कार में गमछे से गला घोंटकर जयपाल की हत्या कर दी गई। शव को सिसरिंगा घाटी में फेंक दिया गया, मोबाइल मैनपाट जंगल में और कार को बिना नंबर के लाखा क्षेत्र (पूंजीपथरा) में सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए। हत्या में इस्तेमाल गमछा भी जला दिया गया ताकि साक्ष्य मिटाया जा सके। जिसके बाद 30 जुलाई की शाम पुलिस ने सिसरिंगा मंदिर के पीछे से शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238, 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

मदन गोपाल सिदार (19 वर्ष), पाकरगांव, थाना लैलूंगा

शुभम गुप्ता उर्फ युगल किशोर (20 वर्ष), पाकरगांव, थाना लैलूंगा

कमलेश यादव (19 वर्ष), मथपहाड़, थाना बागबहार, जशपुर

शिव साहू, मुख्य साजिशकर्ता – पहले से हत्या के मामले में जेल में बंद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *