ग्राहकों के लिए राहतभरी खबर : निगम ने होटल और ढाबा संचालकों को दी हिदायत
– बोतल बंद पानी केवल तभी परोसा जाए जब ग्राहक स्वयं स्पष्ट रूप से अनुरोध करें
रायपुर.
होटलों और ढाबों में बोतल बंद पानी को लेकर नगर निगम प्रशासन ने पोस्टर चिपकाकर निर्देश दिए है कि ग्राहकों की अनुमति पर ही बोतल बंद पानी उपलब्ध कराएं। यदि जबरदस्ती बोतलबंद पानी के लिए बाध्य करने की शिकायतें मिलने पर उचित कार्रवाई की जा सकती है।
शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने राजधानी के होटलों और ढाबों में इस संबंध में पोस्टर भी चिपकाया गया।
जानकारी के अनुसार नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश पर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम मुख्यालय नगर निवेश उडनदस्ता और सभी जोनो के नगर निवेश विभाग की टीम द्वारा निगम क्षेत्र में वॉटर फॉर ऑल निशुल्क शुद्ध पेयजल हर नागरिक का अधिकार अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। इसके तहत हर होटल, रेस्टोरेट, ढाबा, कैफे एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में ग्राहकों को गैर बोतलबंद निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना अनिवार्य है। बोतल बंद पानी केवल तभी परोसा जाए जब ग्राहक स्वयं स्पष्ट रूप से अनुरोध करें।
इस संबंध में रायपुर जिला कॉल सेंटर के नंबर 9977222564 पर समस्या या शिकायत के लिए कोई भी नागरिक संपर्क स्थापित कर सकता है।

इस हेतु शासन के निर्देश पर रायपुर जिला प्रशासन के दिशा निर्देशन में तैयार किये गये जन जागरूकता स्टीकर नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर नगर निवेश उडनदस्ता एवं निगम जोन नगर निवेश की टीमो ने जनजागरण के लिए लगाना प्रारंभ कर दिया है।
