भाजपा का कार्यकर्ता सम्मान समारोह मुख्यमंत्री निवास में आज
– 1 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने वाले प्रदेश स्तर पर होंगे सम्मानित
रायपुर.
भाजपा के ‘संगठन महापर्व : सदस्यता अभियान’ के दौरान 1 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार 2 अगस्त को सम्मानित करेंगे। साथ ही सम्मानित कार्यकर्ताओं के साथ साय के निवास पर भोज का कार्यक्रम भी होगा। भाजपा सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव ने बताया कि नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी मंत्री, सांसद और विधायक भी आमंत्रित किए गए हैं।
भाजपा सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक सिंहदेव ने कहा, विगत वर्ष सदस्यता अभियान में निर्धारित सदस्यता लक्ष्य अर्जित करने पर कार्यकर्ताओं को सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई थी। प्रदेश भाजपा ने प्रदेश के लिए निर्धारित लक्ष्य 60 लाख से ज्यादा सदस्य बनाकर इतिहास रचा है। सिंहदेव ने बताया कि प्रदेश संगठन की घोषणा के दृष्टिगत प्रदेश स्तर पर 1000 सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को दीप सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसी तरह राज्य स्तर पर 3 हजार से अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को सदस्यता श्री सम्मान, 5 हजार से अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को गौरव सम्मान, 10 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को सदस्यता रत्न और 20 हजार सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को सदस्यता भूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
