धमतरी में ट्रिपल मर्डर केस, कांग्रेस बोली – प्रदेश की जनता भगवान भरोसे
रायपुर.
धमतरी में ट्रिपल मर्डर केस को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, पूरे प्रदेश में 1 से 2 दिन के बीच हुई घटनाओं से जनता डरी हुई है। बीती रात धमतरी में राजधानी के 3 लोगों की हत्या हो गई। रायपुर में व्यापारी से 15 लाख की उठाईगिरी का मामला सामने आया। पिज्जा डिलीवरी बॉय की हत्या हो गई। आखिर सरकार कहां है..? लॉ एंड आर्डर किधर है..? छत्तीसगढ़ की जनता भगवान भरोसे है। छत्तीसगढ़ में सुशासन नहीं, जंगल राज चल रहा है। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए है। पुलिस प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं बची है।
मस्जिदों में तिरंगा फहराने का आदेश राजनीतिक प्रोपेगेंडा : बैज
तिरंगा अभियान को लेकर बैज ने कहा, घर-घर तिरंगा अभियान बीजेपी का नया प्रोपेगेंडा है। इसके लिए नए-नए हथकंडे अपना रही। आरएसएस जिसने 52 सालों तक अपने दफ्तर पर झंडा नहीं फहराया, अब बीजेपी इसका प्रायश्चित करने ऐसे नए-नए तरीके अपना रही। मस्जिदों में तिरंगा फहराने के आदेश को लेकर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, यह एक राजनीतिक प्रोपेगेंडा है।
