प्रदेश कांग्रेस की दो अहम बैठकें संपन्न, 9 सितंबर को बिलासपुर में होगा बड़ा प्रदर्शन
रायपुर.
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की दो महत्वपूर्ण बैठकें आज प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की मौजूदगी में संपन्न हुईं। पहली बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्षों की और दूसरी बैठक प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की रही।
बैठकों में संगठन सृजन के तहत मंडल व सेक्टर कमेटियों के गठन, ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति, बस्तर में आई भीषण बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा, किसानों को यूरिया-डीएपी की कमी से हो रही परेशानी और हाल के आंदोलनों (संविधान बचाओ रैली, बिजली न्याय व शिक्षा न्याय) के प्रतिवेदन पर चर्चा हुई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संगठन विस्तार लगभग पूरा हो चुका है। बस्तर बाढ़ पीड़ितों के लिए कांग्रेस राहत सामग्री भेज चुकी है और “कांग्रेस रिलिफ फंड” अभियान के जरिए हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खाद की भारी कमी झेलनी पड़ रही है, मगर सरकार बेपरवाह है।
9 सितंबर को बिलासपुर में होगा बड़ा प्रदर्शन
बैज ने बताया कि “वोट चोर, गद्दी छोड़ो” अभियान के तहत 9 सितंबर को बिलासपुर में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन होगा। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत को दी गई है, जहां कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता सचिन पायलट भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और गांव-गांव तक जनसंपर्क के जरिए चलाया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि बस्तर की बाढ़ बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मुख्यमंत्री से राज्य व राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से त्वरित मदद देने, राशन-दवाइयों की आपूर्ति और पर्याप्त संसाधन मुहैया कराने की मांग की।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष व कार्यसमिति सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
