स्वच्छ गणेशोत्सव अभियान 2025: इको-फ्रेंडली विसर्जन से गूंजा रायपुर

0
IMG-20250907-WA0155

रायपुर.
भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर रायपुर में स्वच्छ गणेशोत्सव अभियान 2025 के अंतर्गत इको-फ्रेंडली गणेश विसर्जन का भव्य आयोजन किया गया। महादेवघाट खारून नदी के पास नगर निगम द्वारा बनाए गए विशेष विसर्जन कुण्ड में आज दोपहर 1 बजे तक श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ 3770 छोटी एवं 1133 बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया। भक्तों ने भगवान गणेश से अगले वर्ष शीघ्र आने की प्रार्थना करते हुए पूजा-अर्चना और आरती के बीच नम आंखों से बप्पा को विदाई दी।

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में रायपुर नगर निगम ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर व्यापक व्यवस्थाएं की थीं। महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति श्री सूर्यकांत राठौड़, संस्कृति विभाग अध्यक्ष श्री अमर गिदवानी, आयुक्त श्री विश्वदीप, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और विभिन्न विभागों के सहयोग से इस आयोजन को सफल बनाया गया।

सुरक्षा और व्यवस्था के लिए प्रशासन ने 10 पंडित, 5 क्रेन वाहन, 80 गोताखोर, नावें और तीन पालियों में 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात निगम व जिला प्रशासन की टीमें लगाई थीं। यातायात, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत और पीएचई विभागों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसी तरह, बूढ़ातालाब, तेलीबांधा तालाब, कंकाली तालाब सहित 3 दर्जन तालाबों में भी नगर निगम द्वारा बनाए गए अस्थायी विसर्जन कुण्डों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रतिमाओं का विसर्जन किया। बच्चों और महिलाओं ने मोहल्लों से पहुंचकर श्रद्धा व आंसुओं के साथ गणपति बप्पा को विदाई दी।

यह अभियान न केवल श्रद्धालुओं के लिए भक्ति का प्रतीक बना, बल्कि नदी और तालाबों को सुरक्षित रखने का संकल्प भी दिलाया। इको-फ्रेंडली विसर्जन से रायपुरवासियों ने साफ संदेश दिया कि आस्था और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *