साहू समाज का गौरव : योग ज्योति” ज्योति साहू को मिली डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की उपाधि

0
IMG-20250910-WA0349

रायपुर।

छत्तीसगढ़ की धरती ने एक बार फिर गौरवान्वित महसूस किया है। साहू समाज की बेटी श्रीमती ज्योति साहू (योग ज्योति) को पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर से डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (Ph.D.) की उपाधि प्रदान की गई है। उन्होंने “मंत्र योग एवं स्वास्थ्य : एक विश्लेषणात्मक अनुशीलन” विषय पर अपना शोध कार्य डॉ. भगवंत सिंह के निर्देशन में पूर्ण किया। इस अवसर पर जयपुर (राजस्थान) से प्रो. अरविंद विक्रम सिंह बाह्य परीक्षक के रूप में उपस्थित रहे और मौखिक परीक्षा ली।

शोध प्रस्तुति के दौरान डॉ. ज्योति साहू ने विषय चयन, शोध की कठिनाइयों और जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विवाह के बाद भी कठिन परिस्थितियों में उन्होंने शिक्षा जारी रखी और दृढ़ संकल्प के बल पर स्नातक, बी.एड. तथा उच्च शिक्षा प्राप्त कर अंततः पीएचडी की उपाधि हासिल की।

योग ज्योति ने कहा कि “मंत्रों की शक्ति ने मेरे जीवन में गहरा बदलाव लाया है। गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र जैसे वैदिक मंत्रों के उच्चारण से न केवल नकारात्मक विचार दूर हुए बल्कि मानसिक शांति और आत्मविश्वास भी प्राप्त हुआ।”

उन्होंने नशा पीड़ितों के पुनर्वास हेतु योग व मंत्र साधना पर विशेष कार्य किया है। रायपुर के विभिन्न नशा मुक्ति केंद्रों में सेवा देते हुए उन्होंने पाया कि नियमित मंत्र उच्चारण से पीड़ितों के क्रोध और नकारात्मकता में उल्लेखनीय कमी आई और उनके मानसिक स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार हुआ।

ज्योति साहू के संघर्षों और उपलब्धियों ने यह साबित किया कि कठिन परिस्थितियाँ भी संकल्प और लगन के आगे टिक नहीं पातीं। आज वे न केवल अपने माता-पिता एन.आर. साहू व श्रीमती चन्द्रिका साहू, बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व का कारण बनी हैं।

कार्यक्रम में प्रो. डॉ. एन.एस. गजपाल, डॉ. खोमेश साहू, डॉ. योगेश साहू, शोधार्थी शैलेन्द्र वाशनिक, आरती गजेंद्र, अखिलेश यादव सहित छत्तीसगढ़ योग आयोग से श्री रविकांत कुंभकार एवं विश्वविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. ज्योति साहू को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *