प्रदेश में गौवंश संकट गहराया,पिछले पौने दो साल में 5 लाख से अधिक गायें गायब : कांग्रेस

0
IMG_20251003_065600_112

2500 से ज्यादा दुर्घटना और भूख से मौत – कांग्रेस ने पूछा जिम्मेदार कौन?

रायपुर।

प्रदेश में गौवंश की तस्करी एवं मौत को लेकर शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता कांग्रेस भवन गांधी मैदान में आयोजित की गई थी पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उधो राम वर्मा ने भाजपा सरकार की नाकामी को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के राज में गायों की तस्करी बढ़ गई है, और गोवंश सड़कों पर भूख-प्यास से मरने को मजबूर हैं। कांग्रेस सरकार के समय संचालित गौठान योजना और गोबर खरीदी योजना को बंद कर दिया गया, जिसका परिणाम यह हुआ कि पिछले पौने दो सालों में लगभग 5 लाख गोवंश प्रदेश से गायब हो गए और 2500 से अधिक गायें दुर्घटना एवं भूख से मर चुकी हैं।

पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू ने कहा की भाजपा अपने आपको गौ-रक्षक बताती है, लेकिन हकीकत में यह सरकार गायों की सबसे बड़ी दुश्मन है। गायें खुलेआम सड़कों पर भटक रही हैं, भूख-प्यास से मर रही हैं और तस्करी कर यूपी-महाराष्ट्र के स्लाटर हाउस तक भेजी जा रही हैं। यह सरकार किसानों और पशुधन दोनों से विश्वासघात कर रही है।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा की पिछली कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ में 10800 गौठानों की स्थापना की थी, ताकि गांव-गांव में गायों को संरक्षण, चारा और पानी मिले। लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही गौठानों को बंद कर दिया। इसका नतीजा यह है कि आज गांवों और शहरों में मवेशियों की संख्या 40 फीसदी तक कम हो गई है और तस्करी बढ़ गई है।

पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा की मोदी सरकार ने बीफ निर्यात में भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक बना दिया है। भाजपा शासित राज्यों में बड़े पैमाने पर स्लाटर हाउस चल रहे हैं। यह सरकार केवल जुमलेबाजी करती है लेकिन असलियत यह है कि गायों की हत्या और तस्करी को भाजपा संरक्षण दे रही है।

ग्रामीण अध्यक्ष उधो राम वर्मा ने कहा की गांव-गांव में गौठान बंद होने से किसान भी परेशान हैं। चारा और पानी की व्यवस्था न होने से गायें दम तोड़ रही हैं। भाजपा सरकार को जवाब देना चाहिए कि आखिर 5 लाख गायें प्रदेश से कहां गायब हो गईं.

पत्रकार वार्ता के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि राज्य सरकार पिछले पौने दो साल में प्रदेश से गायब लगभग 5 लाख गोवंश के बारे में स्पष्टिकरण दे एवं 2023 के पहले तक संचालित सभी 10800 गौठानों को पुनः चालू किया जाए साथ ही गौठानों में चारा और पानी की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *