रायपुर रेलवे स्टेशन में कुलियों का धरना जारी, यात्रियों को हो रही परेशानी
रायपुर। राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन में सोमवार से कुलियों का धरना प्रदर्शन जारी है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कुलियों ने स्टेशन परिसर में ही बैठकर विरोध जताया है। कुलियों का कहना है कि लंबे समय से वे नौकरी की सुरक्षा, पहचान पत्र और बेहतर सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन द्वारा अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
धरने की वजह से स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को सामान ढोने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्री खुद ही भारी-भरकम बैग और लगेज खींचने को मजबूर हैं। वहीं, रेलवे प्रबंधन की ओर से अभी तक आंदोलन को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कुलियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई और लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
