नशे में स्कूल पहुँचने वाला शिक्षक निलंबित, शिक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई
बेमेतरा। जिले में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया, जिसकी जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, शिक्षक नशे की हालत में विद्यालय परिसर में पहुँचा था। उसकी हरकतों पर संदेह होने पर स्टाफ ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर अधिकारियों ने कार्रवाई में देरी न करते हुए निलंबन आदेश जारी कर दिया।
शिक्षा विभाग ने कहा है कि विद्यालयों में इस तरह की लापरवाही या अनुशासनहीनता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने सभी शिक्षकों को भी सख्त चेतावनी दी है कि आचार-संहिता और पेशेवर व्यवहार का पालन अनिवार्य है।
घटना के बाद क्षेत्र में अभिभावकों और ग्रामीणों में भी नाराज़गी देखी गई है। सभी ने इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा व सुरक्षा सर्वोपरि है, ऐसे में इस तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।
