एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड बनी कचरा घर, फुटपाथ पर पसरी गंदगी से राहगीर परेशान

0
IMG_20260712_101854_491



देवेंद्र नगर से फाफाडीह मार्ग पर बदबू और कचरे का अंबार, जिम्मेदार विभाग की अनदेखी पर उठे सवाल


रायपुर।

राजधानी में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बनाए गए एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड अब बदहाल होती नजर आ रही है। देवेंद्र नगर से फाफाडीह की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर खुलेआम कचरा डंप किया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलने वालों के लिए बनाए गए फुटपाथ पर कचरे का ढेर लग चुका है, जिससे लोगों को सड़क पर उतरकर चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
कचरे का ढेर धीरे-धीरे सड़क तक फैल रहा है, जिससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है बल्कि आसपास दुर्गंध का भी आलम है। इस मार्ग से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं, जिन्हें बदबू और गंदगी के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। कचरे से उठने वाली सड़ांध और गंदा पानी संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से यहां लगातार कचरा फेंका जा रहा है, लेकिन नगर निगम और संबंधित विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सफाई व्यवस्था की अनदेखी के कारण राजधानी की स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों ने मांग की है कि सर्विस रोड और फुटपाथ से तत्काल कचरा हटाकर नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा यहां कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके और शहर की सूरत भी सुधर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *