जशपुर में आकाशीय बिजली का कहर: देशदेखा पर्यटन स्थल पर गिरी बिजली, एक युवक की मौत, दो गंभीर
कुनकुरी क्षेत्र के तीन दोस्त घूमने पहुंचे थे देशदेखा, अचानक बदले मौसम ने ली एक की जान
जशपुर। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देशदेखा में रविवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। घूमने आए तीन युवक बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक कुनकुरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं और रविवार को देशदेखा पर्यटन स्थल घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। तीनों युवक इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में गौरव नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दो युवकों में एक केराडीह और दूसरा महुआ टोली का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना प्रशासन और पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मौसम विभाग की ओर से लगातार बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पहाड़ी क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों पर जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
