स्कूल बस की चपेट में आने से 2 वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

0
IMG_20260722_154835_740


मानपुर विकासखंड के घोटिया गांव में दर्दनाक हादसा, चालक बस छोड़कर फरार


राजनांदगांव।

जिले के मानपुर विकासखंड अंतर्गत खडगांव थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया में मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस गांव में बच्चों को लेने पहुंची थी। इसी दौरान दो वर्षीय युवानसी नरेटी बस की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और लापरवाही का आरोप लगाते हुए घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
सूचना पर खडगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *