शराब की बोतल लेने पहुंचा, नकली नोटों ने पहुंचा दिया जेल
500 रुपये के चार फर्जी नोटों से शराब खरीदने की कोशिश नाकाम, अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। शराब खरीदने के लिए नकली नोटों का इस्तेमाल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। 500 रुपये के चार फर्जी नोट देकर शराब खरीदने की कोशिश करते ही उसकी चालाकी पकड़ में आ गई। सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में नकली भारतीय मुद्रा का उपयोग करने और उससे जुड़े अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अकलतरा क्षेत्र के एक शराब दुकान पर पहुंचा और 500-500 रुपये के चार नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास किया। नोटों की गुणवत्ता और रंग-रूप पर संदेह होने पर दुकान कर्मचारियों ने उन्हें ध्यान से जांचा, जिसमें नोट फर्जी पाए गए। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना अकलतरा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास नकली नोट कहां से आए और क्या वह किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इन नकली नोटों का उपयोग अन्य स्थानों पर तो नहीं किया गया।
अकलतरा पुलिस ने लोगों और व्यापारियों से अपील की है कि नकली नोट मिलने या किसी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा ऐसे नोट चलाने की कोशिश किए जाने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि नकली नोटों के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
