म्यूल अकाउंट गिरोह पर साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक और आरोपी गिरफ्तार

0


निखिल पांडेय के खाते से 1.55 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन, पहले ही 5 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल


जांजगीर-चांपा।

साइबर ठगी के लिए बैंक खातों की व्यवस्था करने वाले म्यूल अकाउंट गिरोह के खिलाफ साइबर थाना जांजगीर-चांपा ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी निखिल पांडेय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी निखिल पांडेय के बैंक खाते के माध्यम से 1,55,000 रुपये का लेनदेन हुआ था। यह खाता साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले म्यूल अकाउंट के रूप में उपयोग किया जा रहा था।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह कमीशन का लालच देकर लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। इसके बाद इन खातों को दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर ठगी करने वाले गिरोहों तक पहुंचाया जाता था, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए किया जाता था।
साइबर थाना पुलिस ने जांच में कर्नाटक और महाराष्ट्र में दर्ज तीन अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों का खुलासा किया है। इन मामलों में 1,62,149 रुपये की ऑनलाइन ठगी का पता चला है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के माध्यम से देशभर में फैले साइबर ठगों के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। साइबर थाना जांजगीर-चांपा की टीम अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी लालच या कमीशन के बदले अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं। ऐसा करना उन्हें भी साइबर अपराध का आरोपी बना सकता है। साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *