छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले तीन घंटे भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज़ आंधी का अलर्ट
रायपुर।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार सुबह जारी डिस्ट्रिक्ट लेवल नाउकास्ट बुलेटिन में प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटे तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में मध्यम तीव्रता के गरज-चमक वाले बादल, आकाशीय बिजली, 40 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज़ हवा तथा वर्षा होने की प्रबल संभावना है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, कोरिया सहित रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज़ हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने, सुरक्षित स्थान पर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। यह चेतावनी सुबह 7:15 बजे से 10:15 बजे तक प्रभावी रहेगी।
