महानदी में बढ़ते जलस्तर को लेकर मुख्यमंत्री की अपील, तटीय गांवों के लोगों से सतर्क रहने का आग्रह
हीराकुंड बांध के गेट अधिक खोलने के लिए ओडिशा सरकार से समन्वय जारी, प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश।
रायपुर।
महानदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया अंचल और चंद्रपुर क्षेत्र के महानदी तटवर्ती गांवों के लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति के लिए तैयार रहने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया अंचल तथा चंद्रपुर क्षेत्र के महानदी किनारे बसे गांवों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। राज्य सरकार स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और बाढ़ के खतरे को कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जल संसाधन विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारी ओडिशा सरकार के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर रहे हैं, ताकि हीराकुंड बांध के अधिक से अधिक गेट खोले जा सकें और महानदी के जलस्तर को नियंत्रित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर महानदी तटवर्ती गांवों के नागरिक अपनी सुरक्षा की तैयारी रखें। यदि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं तथा लोगों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
