मुड़पार में तड़के मौत बनकर दौड़ा ट्रक! ट्रैक्टर से भिड़कर दुकान तोड़ते हुए घर में घुसा, सो रहे 4 लोग चपेट में

0
IMG_20260810_115616_273


जांजगीर-चांपा।

शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव में सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने भीषण तबाही मचा दी। ट्रक पहले एक ट्रैक्टर से जा भिड़ा और इसके बाद सड़क किनारे स्थित दुकान को तोड़ते हुए एक मकान में जा घुसा। हादसे के वक्त घर के भीतर सो रहे चार लोग ट्रक की चपेट में आ गए। अचानक हुए इस हादसे से गांव में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तड़के तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान उसकी टक्कर ट्रैक्टर से हो गई। टक्कर के बाद ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे की दुकान को अपनी चपेट में लेते हुए मकान में जा घुसा। घर में सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
मलबे में दबे लोगों को निकाला, गांव में मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। मकान क्षतिग्रस्त होने के साथ ही अंदर मौजूद लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया जा रहा है।
तेज रफ्तार ने फिर मचाई तबाही
मुड़पार में हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस वक्त लोग अपने घरों में चैन की नींद सो रहे थे, उसी दौरान बेकाबू ट्रक मौत बनकर घर में घुस गया। गनीमत रही कि हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू कर दिया, जिससे घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *