आश्रम स्कूल में जहरीले सांप का कहर, छह छात्राओं को डसा, तीन की मौत
गढ़चिरौली में दर्दनाक हादसा, एक गंभीर छात्रा को हेलीकॉप्टर से नागपुर भेजा गया; दो का जिला अस्पताल में उपचार जारी
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ सीमा से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक आश्रम स्कूल में जहरीले सांप के काटने से छह छात्राएं गंभीर रूप से प्रभावित हो गईं। उपचार के दौरान तीन छात्राओं की मौत होने की सूचना है। हादसे के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, आश्रम स्कूल में रहने वाली छात्राओं को देर रात सांप ने काट लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सभी प्रभावित छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इनमें एक छात्रा की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से नागपुर भेजा गया, जहां शासकीय मेडिकल कॉलेज (GMC) में उसका उपचार जारी है। वहीं, दो अन्य छात्राओं का उपचार गढ़चिरौली में चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
हादसे में तीन छात्राओं की मौत की खबर से उनके परिजनों में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। आश्रम स्कूल में आखिर किस परिस्थिति में छात्राओं को सांप ने काटा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद आश्रम स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और छात्रावास में जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। घटना की विस्तृत जानकारी और मृतक एवं घायल छात्राओं की पहचान संबंधी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
