पीएम मोदी के जन्मदिवस आयोजन पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
धनेंद्र साहू बोले- सरकारी तंत्र के इस्तेमाल पर शासन स्पष्ट करे, कांग्रेस मनाएगी महंगाई-बेरोजगारी और वादा खिलाफी दिवस
रायपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और भाजपा पर सवाल उठाए हैं। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने प्रेसवार्ता में कहा कि लोगों के बीच यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि प्रधानमंत्री का जन्मदिवस भाजपा मना रही है या भारत सरकार के स्तर पर इसका आयोजन किया जा रहा है।
धनेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि प्रदेश के गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है और इसके लिए बाकायदा सर्कुलर जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार इस तरह प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के कार्यक्रमों के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रही है। कांग्रेस नेता ने इसे भाजपा की ओर से शुरू की जा रही नई राजनीतिक परंपरा बताया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता महंगाई तथा बेरोजगारी से परेशान है। बिजली बिल में बढ़ोतरी से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है, वहीं युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के नाम पर महीनेभर के आयोजन करना जनता की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास है।
धनेंद्र साहू ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर भी निशाना साधते हुए इसे ढकोसला बताया। उन्होंने कहा कि जनता ने सरकार को पांच साल तक सेवा करने के लिए चुना है। ऐसे में सेवा के नाम पर अलग से अभियान चलाने के बजाय सरकार को अपने कार्यकाल के दौरान जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के आयोजन को महंगाई और बेरोजगारी दिवस के रूप में देख रही है। कांग्रेस की मांग है कि राज्य शासन स्पष्ट करे कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के कार्यक्रमों को लेकर सरकारी स्तर पर आदेश क्यों जारी किए गए हैं और सरकारी अमले को इसमें क्यों लगाया जा रहा है।
धनेंद्र साहू ने कहा कि कांग्रेस इन आयोजनों को ‘प्रधानमंत्री वादा खिलाफी दिवस’ के रूप में मनाएगी और जनता के बीच महंगाई, बेरोजगारी तथा सरकार के कथित वादों को लेकर अपनी बात रखेगी।
प्रेसवार्ता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन, प्रमोद दुबे, विकास उपाध्याय, पंकज शर्मा, सुशील आनंद शुक्ला, कुलदीप जुनेजा, मिलिंद गौतम सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।
