कवर्धा में सराफा व्यवसायी से दिनदहाड़े लूट, 15 किलो से अधिक चांदी और सोने के जेवर समेत डेढ़ लाख नकदी पार
साप्ताहिक बाजार से लौट रहे व्यवसायी और साथी को दुर्जनपुर के पास बनाया निशाना, मारपीट कर बैग लूटकर फरार हुए अज्ञात बदमाश
कवर्धा। कबीरधाम जिले में सोना-चांदी के कारोबार से जुड़े व्यवसायी के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के ग्राम दलदली में लगने वाले साप्ताहिक बाजार से सोना-चांदी की खरीदी-बिक्री कर मोटरसाइकिल से लौट रहे व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी और उनके साथी नरेन्द्र पाटस्कर को ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने रास्ता रोककर दोनों के साथ मारपीट की और बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी, निवासी वार्ड क्रमांक 08 पाण्डातराई के अनुसार, लूटे गए बैग में 15 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण, 10 से 15 ग्राम सोने के आभूषण और करीब 1 लाख 50 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जाना बाकी है। इतनी बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और नकदी की लूट की सूचना से इलाके में दहशत का माहौल है।
एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही 27 अक्टूबर की शाम से ही पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में साइबर थाना सहित तीन अन्य थानों की विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में रवाना कर दी गई।
पुलिस की टीमें संभावित रास्तों, घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की पतासाजी कर रही हैं। लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस खंगाल रही घटना से जुड़े सुराग
थाना तरेगांव जंगल पुलिस घटना की परिस्थितियों और प्रत्यक्ष रूप से सामने आए तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने व्यवसायी की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी थी या फिर बाजार से लौटते समय उन्हें रास्ते में निशाना बनाया गया।
फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। इतनी बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और नकदी की लूट के मामले में पुलिस की विशेष टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं।
