ग्राम मोखा में धूमधाम से मनाई गई गोवर्धन पूजा, गोबर का तिलक लगाकर दी एक-दूसरे को बधाई

0
IMG-20261110-WA0241


गोवर्धन महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हुआ खिचड़ी प्रसाद का वितरण, ग्रामीणों ने उत्साह के साथ निभाई परंपरा


मोखा ।

जिले के गुंडरदेही तहसील अंतर्गत ग्राम मोखा में गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। हर साल की तरह इस वर्ष भी गांव के कला मंच के सामने गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे ग्रामीणों ने विधि-विधान से गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर गांव और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
पूजा के दौरान ग्रामीणों ने एक-दूसरे को गोबर का तिलक लगाकर गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली। पूजा-अर्चना के पश्चात ग्रामीणों के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पर्व की खुशियां साझा कीं।
गांव में गोवर्धन पूजा की यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। ग्रामीण हर साल सामूहिक रूप से कला मंच के सामने एकत्रित होकर पूजा करते हैं। इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ ग्रामीण संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सद्भाव का सुंदर संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *