जिंदा महिला को मृत बताकर थमा दिया ₹14 हजार वसूली का नोटिस, दफ्तरों के चक्कर काट रही पीड़िता

0



बालोद।

सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों के सत्यापन में अधिकारियों की लापरवाही किस हद तक भारी पड़ सकती है, इसका एक हैरान करने वाला मामला बालोद जिले के ग्राम भेड़िया से सामने आया है। यहां एक जीवित महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्शाकर उससे 14 हजार रुपए की वसूली का नोटिस थमा दिया गया। महिला खुद को जिंदा साबित करने के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर है। पीड़िता का सवाल है कि जब वह जीवित है और नियमित रूप से विभाग के सामने मौजूद है, तो आखिर किस आधार पर उसे मृत बताकर वसूली का नोटिस जारी कर दिया गया?
महिला का कहना है कि वह विभाग के चक्कर काटकर अधिकारियों को बार-बार बता रही है कि साहब, मैं जिंदा हूं। इसके बावजूद उसे राहत नहीं मिल रही है। मामला सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली और हितग्राहियों के सत्यापन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में कहां गलती हुई है, इसकी जांच कराई जाएगी। लेकिन सवाल यह है कि नोटिस जारी करने से पहले संबंधित रिकॉर्ड और हितग्राही का भौतिक सत्यापन क्यों नहीं किया गया?
बेटी की नौकरी लगी तो मां से राशि की वसूली का नोटिस
इसी तरह योजना के लाभार्थियों से जुड़े एक अन्य मामले ने भी विभागीय नियमों की समझ और कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। एक महिला की बेटी का विवाह होने के बाद उसकी सरकारी नौकरी लग गई। इसके बाद महिला की योजना की राशि बंद कर दी गई और अब पहले दी गई राशि की वसूली के लिए नोटिस जारी किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या बेटी की शादी और उसके नौकरी में आने से मां की पात्रता स्वतः समाप्त हो जाती है? क्या विभाग ने संबंधित योजना के वास्तविक पात्रता नियमों के आधार पर जांच की है या फिर केवल रिकॉर्ड के आधार पर कार्रवाई कर दी गई?
सत्यापन के नाम पर आम हितग्राही परेशान
इन मामलों ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही और पारदर्शिता की जरूरत को फिर उजागर कर दिया है। एक ओर सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही के कारण हितग्राहियों को अपनी ही पात्रता साबित करने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि सरकारी रिकॉर्ड में गलती है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? बिना उचित जांच के किसी जीवित महिला को मृत घोषित कर देना और फिर उससे राशि वसूलने का नोटिस जारी करना महज सामान्य त्रुटि नहीं, बल्कि गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला है।
अब जरूरत केवल जांच कराने की घोषणा करने की नहीं, बल्कि जिम्मेदारी तय करने की है। संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की जांच हो, गलत नोटिस तत्काल निरस्त किए जाएं और पीड़ित महिलाओं को अनावश्यक मानसिक एवं आर्थिक परेशानी से राहत मिले। आखिर सरकारी योजनाओं का उद्देश्य जनता को सहारा देना है, न कि उन्हें अपनी जिंदगी और पात्रता साबित करने के लिए सरकारी दफ्तरों में भटकाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *