छत्तीसगढ़ में भारी बारिश : 12 जिलों में बढ़ा बाढ़ का खतरा,रायगढ़ में केलो बांध के दो गेट खोल गए
रायपुर.प्रदेश में पांच दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। इससे कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। राजधानी रायपुर में भी देर रात से पानी बरस रहा है। हाइवे से लेकर सड़काें पर जगह-जगह पानी भर गया है। वहीं रायगढ़ में भारी बारिश से केलो बांध लबालब भर गया है। प्रशासन ने बांध के आसपास के गांवों में डूबान को देखते हुए दो गेट खोल दिया है। मौसम विभाग ने ने रायपुर-बिलासपुर समेत 12 जिलों में भारी बारि के साथ अचानक बाढ़ आने की संभावना व्यक्त की है।
रायपुर में पिछले दो दिनों में 140 मिमी पानी गिर चुका है। अगले दो दिन बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में बारिश होगी।
आज सात जिलों में आरेंज अलर्ट
आज (बुधवार) राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, धमतरी,गरियाबंद, महासमुंद और बलौदाबाजार समेत 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। रायपुर, कोरबा, कबीरधाम, रायगढ़, सूरजपुर, बलरामपुर सहित प्रदेश के 21 जिलों में यलो अलर्ट है। वहीं पांच जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। रायपुर, बिलासपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग में मंगलवार को जमकर बारिश हुई। बिलासपुर में कई निचले इलाकों के घरों और बस्तियों में पानी भर गया।
बलरामपुर में तेज बारिश से पुल बहा
बलरामपुर में चार दिन पहले गेरांव स्थित बांस झर्रा में पुल बहने से बड़मार क्षेत्र का संपर्क कई गांव से कट गया । मार्ग पर आना जाना बंद हो गया है। इलाके में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। छत्तीसगढ़ में बारिश की बात करें तो 1 जून से अब तक 243.4 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है।
बीजापुर जिले में सबसे ज्यादा 382 मिमी बारिश और बेमेतरा जिले में सबसे कम 81.5 मिमी सबसे कम पानी गिरा है। आने वाले समय में मूसलाधार बारिश की उम्मीद है।
