चोरों का कमाल, ट्रक नहीं ले जा पाए तो टायर ही निकाल ले गए
बालोद .
जिले में ट्रक चोरी का मामला थाने में आया है। दल्लीराजहरा में एक नए ट्रक को चोरों ने चुराकर रास्ते में छोड़ दिया। जब ट्रक को ले जाने में असहाय हो गए तो चोरों ने ट्रक का टायर ही निकालकर ले गए। सुबह जब मालिक ने ट्रक गायब देखी तो सोशल मीडिया पर उसकी फोटो वायरल कर दी। इसके बाद काफी खोजबीन के बाद करीब चार घंटे बाद दूर जंगल में ट्रक लावारिस मिला। ट्रक के 6 टायर गायब थे। दल्लीराजहरा पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। इस दल्लीराजहरा टीआई रविशंकर पांडेय ने बताया कि अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। ट्रक मिल गई है। लेकिन उसके चक्के गायब हैं। जल्द ही चोरों को भी पकड़ लिया जाएगा।

पुलिस के अनुसार दरअसल पूरा मामला रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात का है। दल्लीराजहरा वार्ड क्रमांक 26 निवासी दीपक सिंह साहू 9 जून को राजनांदगांव से ट्रक (क्रमांक CG 04 MH 8808) एक ट्रांसपोर्टर से खरीदा था। ट्रक की बॉडी कटवाकर उपयोग में लाने की तैयारी चल रही थी, इसी दौरान वह चोरी हो गई।
रेलवे रोड पर खड़ा किया था ट्रक को
ट्रक मालिक दीपक सिंह ने बताया कि, उन्होंने ट्रक को करीब एक महीने से दल्लीराजहरा रेलवे स्टेशन रोड स्थित रेलवे इंस्टीट्यूट के पास खड़ा किया था। रविवार रात 13 जुलाई को अज्ञात चोरों ने ट्रक चोरी कर ली।
इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रक की तस्वीर पोस्ट की। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे दल्लीराजहरा से लगभग 13 किलोमीटर दूर भैंसबोड़ के आगे जंगल के पास ट्रक लावारिस हालत में खड़ी मिली। लेकिन उसके 6 चक्के गायब थे।
