प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भ्रम फैलाने का आरोप, थाने में शिकायत
– भाजपा ने सिविल लाइन थाने में दिया ज्ञापन ।रायपुर.
भाजपा के सोशल मीडिया व नमो एप सेल ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज के खिलाफ जग खरीदी को लेकर झूठ बोलकर प्रदेश में भ्रम फैलाने के लिए विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई करने की मांग है। सेल की ओर से इसे लेकर सिविल लाइन पुलिस थाना में आवेदन सौंपा गया है।भाजपा सोशल मीडिया व नमो एप सेल के प्रदेश सह संयोजक मितुल कोठारी ने बताया कि पुलिस को सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय कांग्रेस, छत्तीसगढ़ कांग्रेस और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा 15 और 16 जुलाई को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “वाटर जग” की खरीदी के नाम पर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। साथ ही कांग्रेस द्वारा अपने सोशल मीडिया पोस्ट कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि “वाटर जग’ के नाम पर न ही कोई खरीदी हुई और न ही कोई भुगतान हुआ है। इधर प्रदेश कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री साय के लिए “जनजातीय सीएम का कमीशन” शब्द का प्रयोग किया जा रहा है, जो पूर्ण रूप से गलत है। पत्र में इस मामले में उक्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं इसे संचालित करने वाले व्यक्ति पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
