चक्का जाम में दो कांग्रेसी नेता आपस में भिड़े, भाजपा ने ली चुटकी
रायपुर.
प्रदेश में खनिज संपदा की लूट और जंगलों की कटाई के खिलाफ कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी के कांग्रेसी नेताओं के अलग-अलग रूप देखने को मिले। राजधानी रायपुर में दो कांग्रेसी नेता आपस में ही भिड़। दोनों एक-दूसरे को देख लेने की धमकी भी दे डाली। दोनों कांग्रेसी नेताओं के बीच हुई भिड़ंत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
बता दें कि कांग्रेस की नाकेबंदी प्रदेश के सभी पांच संभागों के प्रमुख राष्ट्रीय और राज्यीय राजमार्गों पर की गई। इस दौरान सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
वहीं राजधानी रायपुर में इस आंदोलन के दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां कांग्रेस के दो नेताओं के बीच आपसी बहस हो गई। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला और जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हो गई। इस बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भाजपा ने ली चुटकी
दोनों कांग्रेसी नेताओं के बीच हुई बहस का वीडियो फेसबुक पर साझा करते हुए भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने चुटकी ली है। प्रदेश प्रभारी अमित चिमनानी ने कहां, कांग्रेस को तो जनता वैसे ही नकार चुकी है। अब कांग्रेसी ही एक-दूसरे का विरोध कर रहे हैं।
