स्वस्थ होकर लौटे भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव- मुख्यमंत्री साय ने ट्वीट कर दी शुभकामना
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली से स्वास्थ्य लाभ कर लौटे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव का हार्दिक अभिनंदन किया है।
अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भाजपा परिवार के लिए प्रसन्नता का क्षण है। उनकी सकुशल वापसी से कार्यकर्ताओं में उमंग और उत्साह है।
उन्होंने कहा कि माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद और प्रदेशवासियों की शुभकामनाओं से वे पूर्ण स्वस्थ होकर जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएँ, यही कामना है।
कार्यकर्ताओं का प्रेम, स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत : किरण देव
। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव बुधवार को दिल्ली से उपचार उपरांत रायपुर पहुँचे। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के स्वागत के लिए भाजपा पदाधिकारी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा सहित सभी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रायपुर विमानतल पहुँचे। दो महीने बाद अपनी धरती छत्तीसगढ़ लौटने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव का रायपुर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने इस मौके पर कहा कि पार्टी परिवार के प्रत्येक कार्यकर्ता ने जो प्रेम, स्नेह और विश्वास दिया है, वही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। न सिर्फ कार्यकर्ताओं ने, बल्कि छत्तीसगढ़ के लोगों ने राजनीतिक क्षेत्र के अन्य दलों के लोगों ने भी अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं, जिसके लिए वे सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। पत्रकारों से चर्चा के दौरान श्री देव ने बताया कि अगले 10 दिनों तक वे रायपुर में रहकर फिजियोथेरेपी का कोर्स पूरा करेंगे और इसके पश्चात माँ दन्तेश्वरी के दर्शन के लिए दन्तेवाड़ा जाएंगे और फिर जगदलपुर में पहुँचेंगे। इसके बाद पूरे छत्तीसगढ़ का प्रवास प्रारम्भ करेंगे।
