निगम में जनवरी से जुलाई तक 55 अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त,सम्मान आज
रायपुर.
नगर निगम रायपुर में 25 जुलाई को एक साथ 55 कर्मचारी सेवानिवृत्त होंगे। नगर निगम कर्मचारी एकता संघ द्वारा समारोह आयोजित कर सभी को भाव-भीनी विदाई दी जाएगी। विदाई समारोह शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के चतुर्थ तल निगम सामान्य सभा सभागार होगा। जनवरी से जुलाई तक नगर निगम रायपुर की सेवा से सेवानिवृत्त हुए 55 सेवानिवृत्त नगर निगम कर्मचारियों का सामूहिक सेवा सम्मान आयोजित किया गया है।
आयोजन महापौर मीनल चौबे के मुख्य आतिथ्य, सभापति सूर्यकांत राठौड़ की अध्यक्षता, सामान्य प्रशासन एवं विधि विधायी कार्य विभाग अध्यक्ष डॉ. अनामिका सिंह एवं आयुक्त विश्वदीप के विशेष आतिथ्य में रखा गया है जिसमें नगर निगम रायपुर कर्मचारी एकता संघ द्वारा नगर निगम के एमआईसी सदस्यों, पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों सहित सेवानिवृत्त 55 निगम कर्मचारियों के संबधित परिवारजनों को आयोजन में सम्मिलित होने अनुरोध किया गया है। रायपुर नगर निगम कर्मचारी एकता संघ द्वारा गठन उपरांत एक वर्ष के भीतर नगर निगम के सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों के सम्मान के लिए यह तीसरा आयोजन रखा गया है। उक्त जानकारी संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाघव सहित सभी पदाधिकारियों ने दी है।
