क्रेडा चेयरमेन सवन्नी पर 3 प्रतिशत मांगने का आरोप, पीएम, एचएम और सीएम से शिकायत
– सवन्नी बोले- आरोप निराधार, छवि धूमिल करने की साजिश ।
रायपुर.
क्रेडा के चेयरमैन भूपेन्द्र सवन्नी के खिलाफ वेंडरों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शिकायत की है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से भी शिकायत की है। मुख्यमंत्री को लिखे शिकायती पत्र में वेडरों ने क्रेडा चेयरमेन सवन्नी के खिलाफ अपने निजी सहायक के जरिए तीन प्रतिशत कमीशन के लिए दबाव बनाने और धमकी देने की शिकायत की है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री सचिवालय ने शिकायत पर ऊर्जा सचिव से रिपोर्ट मांगी है।
शिकायत में यह का है वेंडरों ने
क्रेडा के वेंडर सुरेश कुमार और अन्य ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शिकायत करते हुए बताया कि विभाग की ओर से समय-समय पर जारी किए जाने वाले टेंडर में हम भाग लेते हैं। हमें विभाग द्वारा कार्य आवंटित होता है, जिसके बाद हम फील्ड में जाकर कार्य करते हैं, और सोलर सिस्टम लगाते हैं।
वेंडरों ने शिकायत में बताया कि क्रेडा के नवनियुक्त अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी विगत कुछ दिनों से परेशान कर रहे हैं। अपने निज सहायक वैभव दुबे के माध्यम से अपने लिए जितने का कार्य पूर्व में उनके पदभार ग्रहण के पहले आवंटित हुआ है, और जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं उसका 3 फीसदी की मांग कर रहे हैं। रकम नहीं देने पर किसी भी कारण का उल्लेख कर या कार्यों की जांच कराकर नोटिस दिलवाने और ब्लैक लिस्टेड करने की धमकी दी जा रही है। इस तरह से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे हम सब बहुत परेशान हैं।
कांग्रेस ने किया सोशल मीडिया पर वायर
बता दें कि वेंडरों द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे शिकायती पत्र को कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है। साथ ही सवन्नी पर तंज भी कसा है। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने लिखा – भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस की बात करने वाली सरकार आखिर कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। क्या मुख्यमंत्री जी का भी हिस्सा इसमें फिक्स है? साथ ही कांग्रेस ने कहा कि चंदा दो धंधा लो भाजपा की नीति है।
आरोप निराधार : सवन्नी
वेंडरों के आरोप को नकारते हुए क्रेडा चेयरमैन भूपेंद्र सवन्नी ने आधारहीन और निराधार बताया है। उन्होंने कहा, यह सब कांग्रेसियों की साजिश है। उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
