निगम में शासन की बिना अनुमति सेटअप से अधिक प्लेसमेंट पर कर्मचारी तैनात
– नियम विरुद्ध दे रहें अनाप-शनाप पेमेंट
रायपुर.
नगर निगम रायपुर में इन दिनों भर्राशाही चल रही है। अधिकारी अपनी मनमर्जी चल रहे हैं। शिकायतों पर आला अधिकारी और निगम के नेता मौन साधे हुए हैं। कर्मचारियों की शिकायत के बाद सिर्फ कुछ करते हैं का आश्वासन देकर पल्ला झाड़ रहे हैं। बताया जाता है कि नगर निगम में इन दिनों पांच हजार से अधिक कर्मचारी प्लेसमेंट पर तैनात हैं।
जानकारी के अनुसार नगर निगम रायपुर में प्लेसमेंट पर सेटअप से अधिक कर्मचारी तैनात किए गए है। यही नहीं कुछ प्लेसमेंट कर्मचारियों को नियम खिलाफ अनाप-शनाप वेतन का भुगतान भी किया जा रहा है। जबकि नियमानुसार प्लेसमेंट पर तैनात कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर ही भुगतान करना है। लेकिन इस शिकायत को भी निगम के आला अधिकारियों ने नजर अंदाज कर अपने सिपह सलाह अधिकारियों को बचाने का खेल खेला जा रहा है।
मंत्री और मुख्यमंत्री से की जाएगी शिकायत
प्लेसमेंट कर्मचारी संघ के नेता संजय एड़े ने बताया कि नगर निगम में सेटअप से अधिक प्लेसमेंट कर्मचारी तैनात किए गए है। साथ ही कुछ अपने खास कर्मचारियों को 50 हजार से अधिक वेतन का भुगतान किय जा रहा है। जबकि सभी प्लेसमेंट कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर भुगतान करने का नियम है। पिछली बार इस संबंध में जब आयुक्त और महापौर से शिकायत की तो दिखवाते कहकर पल्ला झाडृ़ लिया, लेकिन अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। सूचना के अधिकार के तहत निगम से मिली जानकारी दस्तावेजों के साथ अब विभागीय मंत्री और मुख्यमंत्री से इसकी शिकायत कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। यदि इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो आने वाले दिनों में निगम के सभी प्लेसमेंट कर्मियों के साथ हड़ताल की जाएगी। प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होने पर आला अधिकारियों और नेताओं की जिम्मेदारी होगी।
निगम के खजाने को खाली कर रहे अधिकारी
निगम के अधिकारी ही निगम के खजाने को खाली करने में तुले हुए है। अपने खास लोगों को कलेक्टर दर से अधिक भुगतान करवा रहे हैं। एक तरफ तो निगम विकास कार्य और अन्य खर्चों के लिए राज्य शासन पर निर्भर रहता है। यहां तक कि बिजली बिल भरने के लिए भी शासन से गुहार लगाते हैं। राज्य शासन ने खर्चों में कटौती करने के निर्देश देने के बावजूद निगम में अनाप-शनाप खर्च पर अंकुश नहीं लग रहा है।
