योग मानवता को भारत की अमूल्य देन है : मुख्य मंत्री
रायपुर ।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान कुनकुरी रेस्ट हाउस में आमजन से आत्मीय चर्चा करते हुए कहा, योग मानवता को भारत की अमूल्य देन है। योग हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर बीमारी के इलाज के लिए योग में कोई न कोई उपयोगी आसन अवश्य है। यदि हम नियमित रूप से योग करें तो बीमारियों से बच सकते हैं और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।
योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि योग को हमें अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन प्रदान करने वाली एक सम्पूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि यदि हम प्रतिदिन थोड़ा समय योग को दें, तो दीर्घकालीन स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
पीएम मोदी ने योग को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई
उन्होंने कहा कि हम सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने योग को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से आज पूरी दुनिया योग की महत्ता को समझ रही है। संयुक्त राष्ट्र संघ में प्रधानमंत्री जी द्वारा योग दिवस का प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने के बाद, 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया गया।
