बालोद :लाटाबोड़ सहित सात गांव के किसान खाद की कमी को लेकर करेंगे चक्काजाम

0
kisan

एसटीवी न्यूज,मोखा.

बालोद जिले के लाटाबोड़ सहित आसपास के सात गांव के किसान प्रशासन से बेहद खफा है। खाद की कमी से जूझ रहे किसानों ने अब 8 अगस्त को चक्काजाम करने का निर्णय लिया है। किसानों ने अपने विरोध के बारे में स्थानीय प्रशासन को भी अवगत करा दिया है।

किसानों ने बताया कि सेवा सहकारी समिति लाटाबोड़ में मांग के अनुरूप खाद नहीं मिल रही है। इसलिए 7 गांव के किसानों ने 8 अगस्त को दोपहर 12 बजे से चक्काजाम करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मंगलवार को राजस्व विभाग के अफसरों को ज्ञापन में भी सौंपा गया है। 8 अगस्त को बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग में स्थित लाटाबोड़ बस स्टैंड के पास चक्काजाम किया जाएगा।

जिसमें लाटाबोड़, देवीनवागांव, अरौद, नेवारीकला, खपरी, परसाही, भोइनापार के किसान शामिल होंगे। अफसरों को ज्ञापन सौंपकर किसानों ने जानकारी दी है कि खरीफ फसल के लिए पिछले तीन माह से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो रहा है।

दिया जा चुका है सांकेतिक धरना

बता दें कि किसानों ने 29 जुलाई को सांकेतिक धरना-प्रर्दशन कर शासन, प्रशासन, विभागीय अफसरों का ध्यानाकर्षण कराया था। लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। हालांकि सांकेतिक धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि सप्ताहभर के अंदर पर्याप्त मात्रा में समिति में खाद उपलब्ध हो जाएगी। लेकिन अब तक स्थिति विपरीत है। सेवा सहकारी समिति होने के बावजूद खाद नहीं मिलने की वजह से किसानों को निजी दुकानों से ज्यादा रेट पर खाद खरीदना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *