चक्काजाम करने वाले 20 किसानों पर केस दर्ज, खाद की मांग को किया था प्रदर्शन
बालोद .
बालोद-दुर्ग मार्ग पर ग्राम लाटाबोड़ में खाद की किल्लत को लेकर चक्काजाम करने वाले 20 किसानों के खिलाफ बालोद थाने में धारा 126(2), 189 (2), 285 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार सेवा सहकारी समिति लाटाबोड़ के प्रभारी समिति प्रबंधक भूपेश देशमुख ने जानकारी दी है कि 8 अगस्त को सुबह 10 बजे किसानों को खाद वितरण करने आया, तब कुछ किसान कार्यालय के पास खड़े थे। 31.50 यूरिया और 7.75 टन सुपर फास्फेट खाद का मिलान करके वितरण करने वाला था।
इस दौरान सूचना मिली कि सेवा सहकारी समिति के सदस्य किसान एवं अन्य ग्रामीण खाद नहीं मिलने को लेकर लाटाबोड़ मार्ग पर नारेबाजी कर चक्काजाम कर दिया। मार्ग बंद होने से लोग परेशान होते रहे। किसानों को समझाइश देकर बताया कि सोसायटी में अभी खाद है। इसके बाद भी वैभव साहू, रोशन सोनवानी, उत्तम साहू, रघनाथ ठाकुर, कुमार हिरवानी, फलेश्वरी साहू, अशोक कल्याणी, ओमप्रकाश भुआर्य, भुपेश साहू, संजय साहू सहित लगभग 20 किसान रोड पर बैठकर चक्काजाम करते रहे। पुलिस एवं राजस्व विभाग के अफसरों की समझाइश के बाद दोपहर 1.15 बजे रोड़ से हटे। लाटाबोड़ के पहले करहीभदर मंे भी चक्काजाम करने वाले किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
