प्रदेश में आज एक दो जगहों पर भारी बारिश की संभावना, गाज भी गिरेगी
रायपुर।
बारिश का इंतजार कर रहे प्रदेश वासियों के अच्छी खबर है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए। रविवार को उत्तर छत्तीसगढ़ में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण बिहार और उसके आसपास स्थित है, इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है, यह उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए क्रमिक कमजोर होने की संभावना है। एक द्रोणिका उत्तर पूर्व बंग्लादेश से दक्षिण गुजरात तक 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है ।एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से मेघालय तक 0.9 किलोमीटर से 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में कल दिनांक 22 जून को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है।वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः उत्तर छत्तीसगढ रहने की सम्भावना है ।
