राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में रायपुर संभाग के खिलाड़ियों की टीम घोषित
रायपुर।
लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार 28 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक कोण्डागांव में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय शालेय कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता में रायपुर संभाग की टीम घोषित कर दी गई है। संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, धमतरी और गरियाबंद जिले के चयनित खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जारी सूची के मुताबिक संभाग से फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो एवं तीरंदाजी खेलों में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की बालक-बालिका टीमों का गठन किया गया है। खिलाड़ियों के साथ दल प्रभारी, सहायक दल प्रभारी, कोच एवं मैनेजर की भी नियुक्ति की गई है।
संभागीय संयुक्त संचालक ने निर्देश दिए हैं कि चयनित खिलाड़ी 27 अगस्त को प्रातः 10 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, फुंडहर रायपुर में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। वहां से पूरी टीम कोण्डागांव के लिए प्रस्थान करेगी। सभी खिलाड़ियों को अपनी विद्यालय की पहचान पत्र, जन्म प्रमाणपत्र एवं आधार कार्ड साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की बेहतर व्यवस्था के लिए भोजन, यात्रा एवं आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आदेश में यह भी उल्लेख है कि टीम प्रभारी एवं सहायक प्रभारी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की पूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे।रायपुर संभाग की टीम में शामिल खिलाड़ियों ने उत्साह व्यक्त किया है और कहा है कि वे संभाग का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
