रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : तड़के कबीर नगर क्षेत्र में 100 पुलिसकर्मियों की छापेमारी, एक आरोपी गिरफ्तार, 20 से अधिक पर कार्रवाई
रायपुर।
अपराधों की रोकथाम और नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए रायपुर पुलिस ने तड़के सुबह बड़ी कार्रवाई की। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम श्री डी.आर. पोर्ते और नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक श्री ईशु अग्रवाल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में लगभग 100 पुलिसकर्मियों की टीम ने कबीर नगर क्षेत्र में छापेमारी की।
हीरापुर, वीर सावरकर नगर, आरडीए कॉलोनी और आसपास के इलाकों में एक साथ हुई इस छापेमारी में पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) प्रकरण में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया। साथ ही 20 से अधिक संदिग्धों और पुराने अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन भी किया। इलाके में ड्रग्स और अन्य नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
रायपुर पुलिस ने जनता से अपील की है कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए वे पुलिस को मोबाइल नंबर 9479216156, 9479211933 या 1933 पर कॉल कर सूचित कर सकते हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
