खारून नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, पानी की टरबिडीटी 1000 पीपीएम पार – रायपुर में जल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका
रायपुर।
राजधानी की जीवनदायिनी खारून नदी में लगातार हो रही बारिश से जलस्तर तेज़ी से बढ़ रहा है। नगर निगम जल कार्य विभाग के कार्यपालन अभियंता नर सिंह फरेन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि नदी के पानी में टरबिडीटी का स्तर 1000 पीपीएम से अधिक हो गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि पानी के तेज़ बहाव के चलते इंटेकवेल की इनलेट जाली में कचरा फंसने की संभावना बढ़ गई है। ऐसी स्थिति में रॉ वाटर (कच्चा पानी) की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे शहर की पेयजल व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।अभियंता फरेन्द्र ने कहा कि विभाग की टीमें नदी के जलस्तर और बहाव पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि टरबिडीटी बढ़ने से न केवल फिल्टरिंग प्रक्रिया मुश्किल हो जाती है बल्कि पानी को शुद्ध करने में अतिरिक्त समय और संसाधन भी खर्च होते हैं।नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का सदुपयोग करें, अनावश्यक बर्बादी से बचें और किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत निगम नियंत्रण कक्ष को सूचित करें।
