कांग्रेस के पायलट आज लेंगे मैराथन बैठक, साय सरकार के खिलाफ आंदोलन की बनेगी रणनीति
रायपुर.
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट सोमवार को 2 दो दिवसीय दौरे रायपुर आएंगे। वे राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं की मैराथन बैठकें लेंगे। इस दौरान सरकार के खिलाफ और आक्रामक होने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। जानकारी के अनुसार सचिन पायलट बैठक के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे का रोडमैप भी तैयार करेंगे। वहीं, संगठन के विस्तार को लेकर भी बैठक में चर्चा की जाएगी।
साय सरकार के खिलाफ आंदोलन को लेकर तैयार की जाएगी रणनीति बताया जाता है कि सचिन पायलट सबसे पहले पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक लेंगे। इसमें पार्टी संगठन के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। राज्य सरकार के खिलाफ चलाए जाने वाले आंदोलनों की रणनीति तैयार होगी। साथ ही संगठन की मजबूती के लिए चलाए जाने वाले अभियानों पर बात की जाएगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।
संगठन विस्तार को लेकर होगी चर्चा
इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा की जाएगी। जानकारी के अनुसार पिछले महीने मई में जब सचिन पायलट संविधान बचाओ रैली में शामिल होने बिलासपुर आए थे, तभी उन्होंने संगठन विस्तार को हरी झंडी दी थी और माना जा रहा था कि उनकी वापसी के एक हफ्ते बाद ही सूची जारी कर दी जाएगी लेकिन एक महीने बाद भी सूची जारी नहीं हो पाई है।माना जा रहा है कि पायलट विस्तार में हो रही देरी पर बैठक में चर्चा कर सकते है।
जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर भी हो सकता है फैसला
जिला अध्यक्षों की नियुक्ति में रायपुर समेत पांच जिलों के अध्यक्षों पर पेंच फंसा है। संगठन विस्तार की बैठक में भी इसको लेकर फैसला लिया जा सकता है। रायपुर शहर के अलावा बिलासपुर शहर एवं ग्रामीण, राजनांदगांव शहर एवं ग्रामीण, खैरागढ़ और जशपुर जिले के अध्यक्ष के नाम पर भी सहमति नहीं बन पाई है।
विधायकों के साथ भी करेंगे बैठक
शाम को सचिन पायलट कांग्रेस विधायकों की बैठक भी लेंगे। इसमें आगामी विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान उनके प्रदर्शन को लेकर चर्चा की जाएगी। विधायकों को सरकार की कमजोरियों को उजागर करने और आक्रामकता के साथ सवाल पूछने व चर्चा में शामिल होने की नसीहत दी जाएगी।
