सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया ‘सांसद खेल महोत्सव’ के लोगो का विमोचन
रायपुर.
रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने आज दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में सांसद खेल महोत्सव के लोगो का विमोचन किया और इसके आयोजन की औपचारिक घोषणा की। यह महोत्सव 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आयोजित होगा।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि खेलों की असली खूबसूरती जीत या हार में नहीं, बल्कि उस सफर में है जहाँ हर प्रयास स्वयं एक पुरस्कार बन जाता है। उन्होंने कहा – “जब पसीने की बूंदें मिट्टी से मिलती हैं तो शरीर स्वस्थ, मन प्रफुल्लित और आत्मा संतुष्ट होती है। खेल केवल खेल नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है।”
उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत रायपुर लोकसभा क्षेत्र की सभी 9 विधानसभाओं में ब्लॉक स्तर पर विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएँ होंगी। इनमें 12 खेल विधाओं के अंतर्गत लगभग 10 हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गाँव-गाँव, घर-घर में छुपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर मंच उपलब्ध कराना है।
श्री अग्रवाल ने “फिट इंडिया” अभियान का आह्वान करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को खेलों में सक्रिय भाग लेना चाहिए और दूसरों को भी खेलने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास सिखाने वाली पाठशाला है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शशांक सिंह, छत्तीसगढ़ की पहली महिला अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी किरण पिस्दा, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल, प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं युवा उपस्थित रहे।
