छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन, रखीं 11 सूत्रीय मांगें
रायपुर.
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ का एक प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल आज स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव से उनके निवास में मुलाकात कर प्राचार्य (टी संवर्ग) पदोन्नति पश्चात पदस्थापना के सफल निष्पादन पर आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में ई संवर्ग प्राचार्य पदोन्नति की शीघ्र कार्यवाही करने की मांग भी रखी गई।
बैठक में मंत्री यादव ने आश्वासन दिया कि शनिवार को विद्यालय संचालन का समय पूर्ववत सुबह 7:30 से 11:30 तक करने के आदेश शीघ्र जारी होंगे। साथ ही व्याख्याता ई संवर्ग पर शीघ्र पदोन्नति की कार्यवाही भी की जाएगी।
संघ द्वारा इस अवसर पर 11 सूत्रीय सुझावात्मक मांगपत्र सौंपा गया, जिनमें प्रमुख हैं—
सहायक शिक्षकों को तृतीय समयमान वेतनमान प्रदान करना
गैर-शिक्षकीय कार्यों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना
एकीकृत परिसर (कक्षा 1 से 12 तक) वाले विद्यालयों में उप प्राचार्य पद का सृजन करना
विद्यालयीन कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने हेतु संरचनात्मक सुधार लागू करना
प्रतिनिधिमंडल में प्रांताध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर, प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, महामंत्री मनोज राय, संभागीय अध्यक्ष भुवन सिंहा, प्रांतीय मंत्री टीकम सिंह साहू एवं भुवनेश्वर देवांगन, जिला अध्यक्ष हरनारायण राजपूत, देवेंद्र तिवारी, नेम सिंह साहू, प्रणव माड्रारिक सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।
प्रांतीय मंत्री टीकम सिंह साहू, रायपुर जिला अध्यक्ष मनीष देवांगन, तहसील अध्यक्ष ज्ञानेश्वर वर्मा एवं संगठन मंत्री अवधराम वर्मा ने संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
