भाठागांव में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 5.5 एकड़ भूमि पर अवैध प्लाटिंग पर रोक
रायपुर।
रायपुर नगर निगम ने जोन-6 क्षेत्र के भाठागांव में अवैध प्लाटिंग और मुरूम रोड निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की है। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा निजी भूमि पर करीब साढ़े 5 एकड़ (लगभग 4.5 एकड़ + 1 एकड़) क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग कर सड़कें बनाई जा रही थीं। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से अवैध मुरूम रोड को काटते हुए आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेश और जोन-6 कमिश्नर हितेन्द्र यादव के निर्देश पर नगर निवेश विभाग द्वारा की गई। अभियान में जोन-6 के कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव और उप अभियंता सागर ठाकुर मौजूद रहे।
नगर निगम का कहना है कि बिना अनुमति और स्वीकृति के हो रही अवैध प्लाटिंग व सड़क निर्माण पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
