निगम की मेन लाइन लीकेज, पानी सप्लाई प्रभावित रहेगी
रायपुर।
राजधानीवासियों को निगम से होने वाली पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। नगर निगम रायपुर जल कार्य विभाग के अनुसार 150 एमएलडी फिल्टरप्लांट की 1400 एमएम व्यास की एच.एस. राइजिंग मेन पाइपलाइन में भाठागांव चौक के पास लीकेज की मरम्मत हेतु शटडाउन लिया जा रहा है।
कार्यपालन अभियंता (फिल्टरप्लांट) नर सिंह फरेन्द्र ने बताया कि मरम्मत कार्य के लिए 12 सितंबर की रात 10 घंटे का शटडाउन रहेगा। इस दौरान 150 एमएलडी फिल्टरप्लांट से जुड़ी 28 टंकियां और 80 एमएलडी प्लांट से जुड़ी 4 टंकियों में 13 सितंबर की सुबह जलप्रदाय नहीं हो पाएगा। हालांकि 12 सितंबर की शाम को तय समय पर जलप्रदाय किया जाएगा और 13 सितंबर की शाम से जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
प्रभावित टंकियों में भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डी.डी. नगर, ईदगाहभाठा, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मण्डी, मोवा, सड्डू, दलदल सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, भनपुरी नया, रायपुरा, कुकुरबेड़ा शामिल हैं। वहीं 80 एमएलडी प्लांट से जुड़ी बैरन बाजार नया, देवेंद्र नगर नया, संजय नगर और मोतीबाग टंकी का जलप्रदाय भी प्रभावित रहेगा।
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे 12 सितंबर की शाम को मिलने वाले पानी का समुचित भंडारण कर लें ताकि 13 सितंबर की सुबह किसी तरह की दिक्कत न हो।
