सात दोस्तों ने जन्मदिन को बनाया यादगार, दिव्यांग बच्चों को बांटी पानी की बोतलें और चॉकलेट
- स्कूल के शिक्षकों और उनके पेरेंट्स कार्य को सराहा
रायपुर।
कहा जाता है कि जन्मदिन केवल खुशियाँ मनाने का नहीं, बल्कि किसी और की जिंदगी में मुस्कान लाने का भी अवसर हो सकता है। राजधानी रायपुर के सात युवाओं ने इस कहावत को सच कर दिखाया।
कॉलेज में अध्ययनरत ये सात दोस्त – आनंद राज यादव, वैभव तिवारी, हिमांशु सिंह, तुषार साहू, शुभम सिंह, रोहित वर्मा और शिवा साहू – ने अपने मित्र का जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाने का निर्णय लिया। केक-कैंडल तक सीमित न रहते हुए सभी ने आपस में 700 से 1000 रुपए तक मिलाकर राशि एकत्र की और उससे पानी की बोतलें व चॉकलेट खरीदीं।


शनिवार को ये सभी मित्र मठपुरैना स्थित दिव्यांग स्कूल पहुँचे और वहां पढ़ने वाले 240 बच्चों को पानी की बोतल और चॉकलेट वितरित की। बच्चों के चेहरे पर खिली मुस्कान ने इन युवाओं के इस प्रयास को और भी खास बना दिया।

स्कूल के शिक्षकों ने इन युवाओं की जमकर सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। वहीं सातों युवाओं के माता-पिता ने भी अपने बच्चों के इस नेक कदम की तारीफ करते हुए आगे भी इसी तरह समाज सेवा में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

इन दोस्तों की यह पहल इस बात का संदेश देती है कि छोटी-सी कोशिश भी बड़े बदलाव ला सकती है। जन्मदिन को पार्टी और खर्चीले आयोजन से जोड़ने के बजाय यदि इसे किसी नेक कार्य में लगाया जाए, तो वह हमेशा यादगार बन जाता है।
