रायपुर में 499 किलो से अधिक मादक पदार्थों का नष्टिकरण, जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में पूरी हुई कार्यवाही
रायपुर।
रायपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत जप्त किए गए करीब 500 किलो मादक पदार्थों को आज विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट किया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी रायपुर द्वारा सिलतरा स्थित एक निजी पावर प्लांट में संपन्न की गई, जहां मादक पदार्थों को पर्यावरण विभाग की अनुमति उपरांत भट्ठी (फर्नेस) में जलाकर नष्ट किया गया।कार्यवाही में कुल 60 प्रकरण शामिल थे, जिनमें से 58 प्रकरणों में 480.536 किलोग्राम गांजा और 02 प्रकरणों में 18.700 किलोग्राम डोडा को मिलाकर कुल 499.236 किलोग्राम मादक पदार्थों का नष्टिकरण किया गया।
इस प्रक्रिया की निगरानी पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह (अध्यक्ष), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, उपायुक्त आबकारी राजेश कुमार शर्मा (सदस्य), निरीक्षक राजेन्द्र दीवान (थाना प्रभारी धरसीवां) एवं उनि राजेन्द्र कंवर (प्रभारी सिलतरा) की उपस्थिति में की गई।
यह नष्टिकरण कार्यवाही गृह मंत्रालय, भारत सरकार एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के निर्देशों के पालन में पुलिस मुख्यालय के मार्गदर्शन पर की गई। पुलिस ने बताया कि यह कदम जनसुरक्षा सुनिश्चित करने और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग पर नियंत्रण के लिए उठाया गया है।> एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा, “नशा समाज को खोखला कर रहा है। पुलिस लगातार ऐसे तत्त्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे से मुक्त वातावरण मिल सके।”
