ऑपरेशन साइबर शील्ड में बड़ी कामयाबी : इंस्टाग्राम-फेसबुक-यूट्यूब पर चल रहा 262 फर्जी ID नेटवर्क ध्वस्त, 11 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर।
रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय रायपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत पुलिस ने साइबर ठगों के एक बड़े गैंग का पर्दाफाश किया है। यह गैंग इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर महिलाओं की फोटो और फर्जी मोबाइल नंबर वायरल कर देशभर के लोगों से ठगी कर रहा था। पुलिस ने कार्रवाई कर 262 फर्जी सोशल मीडिया ID का खुलासा किया है, जिनके 50 लाख से अधिक फॉलोअर थे।
इन ID के माध्यम से आरोपियों द्वारा मैट्रिमोनियल फ्रॉड के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी की जाती थी। आरोपियों ने फर्जी प्रोफाइल बनाकर वधू के फोटो और बायोडाटा भेजने के नाम पर रकम ऐंठी।
🔹 दो राज्यों से 11 आरोपी गिरफ्तार
साइबर थाना रायपुर की टीम ने लंबी जांच के बाद झारखंड के जमशेदपुर और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दबिश दी। इस दौरान कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से 36 मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह पिछले दो सालों से फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहा था।
🔹 म्यूल बैंक अकाउंट से जुड़ा बड़ा नेटवर्क
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा ने साइबर क्राइम पोर्टल में रिपोर्टेड म्यूल बैंक अकाउंट की जांच के लिए विशेष योजना तैयार की थी।
डी.डी. नगर थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 424/25 के तहत HDFC बैंक में खुले 79 म्यूल बैंक अकाउंट पर धोखाधड़ी के मामले में कार्यवाही जारी है।
तकनीकी विश्लेषण में पता चला कि एक ही व्यक्ति के नाम पर कई बैंक अकाउंट खोले गए थे, जिनका उपयोग ऑनलाइन ठगी के लिए किया जा रहा था।
🔹 ठगी का तरीका
आरोपी सोशल मीडिया पर आकर्षक महिलाओं की फर्जी ID बनाकर उनके फोटो के साथ मोबाइल नंबर वायरल करते थे।
इन नंबरों पर संपर्क करने वाले लोगों से “वधू का बायोडाटा और पता भेजने” के नाम पर रकम वसूली जाती थी।
इसी नेटवर्क से देशभर में हजारों लोग ठगी के शिकार हुए हैं।
🔹 गिरफ्तार आरोपी
- शुभम दास (26) – जमशेदपुर, झारखंड
- लक्ष्मण गोप (29) – जमशेदपुर, झारखंड
- असित पातर (24) – जमशेदपुर, झारखंड
- सूरज कुमार पटेल (21) – बिलासपुर, छत्तीसगढ़
- सुखसागर कैवर्त (22) – बिलासपुर, छत्तीसगढ़
- मानसु डाहिरे (21) – बिलासपुर, छत्तीसगढ़
- अनिकेत कुलदीप (20) – रायगढ़/बिलासपुर
- करण पुष्पकार (22) – बिलासपुर, छत्तीसगढ़
- रमाकांत गंधर्व (22) – कबीरधाम
- सिराज खान (20) – बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(अन्य एक आरोपी का नाम विवेचना में)
🔹 पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि साइबर अपराधियों के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
फर्जी ID बनाने, म्यूल बैंक अकाउंट चलाने और कॉल सेंटर संचालित करने वाले सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान प्रोफाइल या संदिग्ध लिंक से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
