जयनगर थाना में तनाव, युवक की मौत के बाद बवाल — मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

0
IMG-20250817-WA0268

सूरजपुर। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। जयनगर थाना पुलिस की टीम जुआ खेल रहे युवकों को पकड़ने के लिए घेराबंदी करने पहुंची थी। इसी दौरान एक युवक मौके से भागने की कोशिश में कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद देर रात मृत युवक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और थाने पर पथराव कर दिया। पथराव में थाने के शीशे टूट गए और अफरातफरी की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला।

इस पूरे प्रकरण पर राज्य की कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा —

“जयनगर थाना की घटना बेहद गंभीर है। दोषी पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

फिलहाल जयनगर थाना परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। सुबह से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, और प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *