दीपावली पर छाया मातम: रायगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत, खुशियां पलभर में ग़म में बदलीं
रायगढ़।
खुशियों और रोशनी के त्यौहार दीपावली पर रायगढ़ जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। तमनार ब्लॉक अंतर्गत धौंराभांठा-खुरूषलेंगा रोड पर रविवार 20 अक्टूबर की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार में जा रही यामाहा R15 बाइक (क्रमांक CG13 D1305) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक लगभग 20 मीटर दूर जाकर गिरी और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही आसपास के लोग दौड़े और 112 पर कॉल कर एंबुलेंस बुलवाई।
मौके पर पहुंची तमनार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर ऊर्जा नगर स्थित जिंदल फोर्ट अस्पताल भेजा। रातभर जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू की।मृतक की पहचान राजकुमार यादव (32 वर्ष), पिता उर्मल यादव, निवासी धौंराभांठा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार दीपावली मनाने रायगढ़ स्थित अपनी बहन के घर जा रहा था।
हादसा पटेल फैब्रिकेशन के पास हुआ, जहां किसी अज्ञात वाहन को साइड देने के प्रयास में उसने नियंत्रण खो दिया और बाइक सीधा पोल से जा भिड़ी।हादसे में राजकुमार को सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि हाथ-पैर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। परिजनों को घटना की सूचना मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। दीपावली की रौनक मातम में बदल गई और पूरा गांव गमगीन हो उठा।तमनार पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है, और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
